ब्रेकिंग न्यूज

41 वर्षीय महिला का परिवार पर गंभीर आरोप: “शादी नहीं करा रहे, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न

 


प्रयागराज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 41 वर्षीय एक महिला ने अपने ही परिवार पर शादी न कराने और उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने सराय इनायत थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, मनापुर गांव निवासी माधुरी पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह 41 साल की हो चुकी हैं और शादी करना चाहती हैं, लेकिन उनके परिवार वाले जानबूझकर उनकी शादी नहीं करा रहे हैं। उनका आरोप है कि जब भी कोई रिश्ता आता है, उनके भाई उसे ठुकरा देते हैं और शादी में होने वाले खर्च का हवाला देते हैं।

परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

महिला ने अपने पिता, माता, भाई, भाभी और बहन पर मानसिक उत्पीड़न, गाली-गलौज और मारपीट तक के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिवार ने उन्हें पिछले करीब 20 वर्षों से अलग-थलग कर रखा है और उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई ने परिवार की जमीन अपने नाम करा ली, लेकिन उनकी शादी के लिए आर्थिक सहयोग देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, महिला का कहना है कि परिवार वाले उसे खाने-पीने तक की व्यवस्था नहीं देते, जिसके कारण वह छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा कर रही हैं।

वायरल हुआ वीडियो

इस मामले से जुड़ा महिला का एक 16 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी आपबीती बताते हुए मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं।महिला ने पुलिस से अपील की है कि उसकी शादी किसी योग्य व्यक्ति से कराई जाए ताकि वह सम्मानजनक जीवन जी सके। साथ ही उसने आरोप लगाया कि एक दिन परिवार के लोगों ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट भी की।

पुलिस कर रही जांच

फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं