ब्रेकिंग न्यूज

धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती


सुलतानपुर भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद  में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी कुमार हर्ष के नेतृत्व में तिकोनिया पार्क स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कुमार हर्ष, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी बाबू राम तथा उपजिलाधिकारी शिव प्रसाद द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। सभी अधिकारियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।विचार गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के जीवन, उनके योगदान, संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों पर विस्तृत चर्चा की। वक्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर शपथ दिलाई गई।इसी क्रम में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में एक अन्य विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। यहां भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा की।जनपद के अन्य सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी बाबा साहब की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।पूरे जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के आदर्शों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं