सुल्तानपुर में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई –डीएम
सुल्तानपुर जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की मांग और आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक चारू निगम भी इस दौरान उपस्थित रहीं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक तथा पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में पेट्रोलियम पदार्थों के वितरण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।बैठक में गैस एजेंसी वितरकों ने जानकारी दी कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में हो रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों ने भी पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर स्थिति सामान्य होने की बात कही। पेट्रोलियम कंपनियों के जनपदीय सेल्स अधिकारियों ने बताया कि इंडेन, एचपीसीएल सहित अन्य कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है।अधिकारियों ने यह भी बताया कि कुछ उपभोक्ता समय से पहले ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कर रहे हैं, जिसके चलते अनावश्यक दबाव की स्थिति बनती है। इस संबंध में उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि वे निर्धारित समय के अनुसार ही सिलेंडर की बुकिंग करें।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप कार्य करें तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का संग्रहण न करें। यदि कोई व्यक्ति कालाबाजारी या अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं