सुल्तानपुर एसपी चारु निगम का पहला मीडिया संवाद, पारदर्शिता और सख्ती का दिया संदेश
जाम की समस्या पर सख्त रुख
नगर क्षेत्र में जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। पहले दो दिन तक वाहन स्वामियों को चेतावनी दी जाएगी, इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना प्राथमिकता में शामिल है।
अवैध खनन पर होगी समीक्षा
अवैध खनन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जल्द ही संबंधित मामलों की समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
अपराधियों पर कड़ी नजर
एसपी चारु निगम ने जिले और गैर जनपद के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे। अपराध नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है।
समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन
मीडिया कर्मियों से संवाद के दौरान उन्होंने आग्रह किया कि जिले में कहीं भी कोई समस्या या संवेदनशील मामला सामने आए तो तत्काल उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।बैठक के अंत में एसपी ने दोहराया कि उनकी प्राथमिकता पारदर्शी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास कायम रखना है। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं