फर्जी CO बनकर घूम रहा था शख्स, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मऊ जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया । जहां पुलिस की वर्दी कंधों पर स्टार और अफसराना रौब लोगों को धोखा देने का जरिया बन गया।करीब 15 साल पुरानी मोहब्बत की तलाश में पहुंचे एक युवक ने खुद को CO बताकर शहर में घूमना शुरू कर दिया।शुरुआत में लोग उसकी वर्दी और ठाठ देखकर प्रभावित हुए लेकिन जल्द ही उसका पर्दाफाश हो गया।आखिरकार स्थानीय लोगों की सतर्कता से सच्चाई सामने आ गई और युवक पुलिस के हवाले कर दिया गया।शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पशु अस्पताल के आसपास का है। यहां एक लग्जरी कार से उतरा वर्दीधारी युवक खुद को पुलिस का बड़ा अधिकारी बताकर इलाके में घूम रहा था। सिर पर टोपी चेहरे पर मास्क, सीने पर बैज और कंधों पर सिल्वर स्टार देखकर कोई भी उसे CO समझ ले।वह घर-घर जाकर कुछ लोगों से पूछताछ कर रहा था मानो किसी अहम जांच पर निकला हो।हालांकि युवक का सवाल पूछने का तरीका और उसकी बेचैनी लोगों को अटपटी लगी। वह किसी महिला के बारे में पूछताछ कर रहा था। लेकिन न तो उसके पास कोई आधिकारिक कागज था और न ही किसी थाने या अफसर का नाम साफ-साफ बता पा रहा था।यहीं से स्थानीय लोगों को शक हुआ कि मामला कुछ और है। लोगों ने हिम्मत दिखाई और इसकी सूचना सीधे शहर कोतवाली पुलिस को दे दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ शुरू की।थोड़ी सख्ती होते ही उसकी कहानी परत-दर-परत खुलने लगी।पता चला कि युवक कोई CO नहीं बल्कि करीब 15 साल पहले की अपनी क्लासमेट गर्लफ्रेंड की तलाश में मऊ आया था। उसने लोगों से बिना रोक-टोक जानकारी हासिल करने के लिए खुद को पुलिस अधिकारी बताना शुरू कर दिया था।पकड़े गए युवक की पहचान 34 वर्षीय प्रभात पांडेय के रूप में हुई है। वह सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है और अविवाहित बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार उसके पिता वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस से इंस्पेक्टर रैंक से सेवानिवृत्त हुए हैं और फिलहाल वाराणसी में रहते हैं। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि युवक किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है और मानसिक रूप से भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं बताया जा रहा।पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस युवती की तलाश में युवक मऊ पहुंचा था।उसकी शादी काफी पहले हो चुकी है। इसी संवेदनशील पहलू को देखते हुए पुलिस इस मामले में ज्यादा टिप्पणी करने से बच रही है। हालांकि फर्जी वर्दी पहनने और खुद को पुलिस अधिकारी बताने के मामले में युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं