स्पेशल अभियान शुरू, UP DGP का आदेश
लखनऊ दीपावली नजदीक है और इसी को देखते हुए यूपी पुलिस ने राज्यभर में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। DGP राजीव कृष्णा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान का उद्देश्य पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट जैसी घटनाओं की रोकथाम और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।DGP ने आदेश में कहा है कि दीपावली से पहले अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। पिछले वर्षों में प्रदेश में ऐसे कई हादसे हुए जिनमें कई लोगों की जानें गईं। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए इस वर्ष पुलिस ने समय से पहले कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी अवैध पटाखा फैक्ट्री या गोदाम संचालित न होने पाए।DGP के आदेश के अनुसार यह अभियान 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान हर जिले की पुलिस टीम अवैध फैक्ट्रियों और गोदामों की छानबीन करेगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। DGP मुख्यालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान की दैनिक रिपोर्ट शाम 6 बजे तक मुख्यालय को भेजी जाए। रिपोर्ट में कार्रवाई की जानकारी जब्ती की मात्रा और गिरफ्तार किए गए लोगों का ब्यौरा शामिल होगा।DGP ने सभी पुलिस आयुक्तों और जोन अधिकारियों से कहा है कि वे अभियान की निगरानी खुद करें और सुनिश्चित करें कि किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न हो। अभियान के नतीजे प्रतिदिन मुख्यालय को भेजे जाएंगे ताकि राज्य स्तर पर निगरानी रखी जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं