ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में भाजपा नेता को भी राजस्व निरीक्षक ने नहीं बख्शा, शिकायत पर एंटी करपशन टीम ने पांच हजार घूस लेते किया गिरफ्तार


सुलतानपुर जिले में सांसद मेनका गांधी द्वारा रिश्वत लेने पर खुली रोक के बावजूद राजस्व महकमे में ये पुरानी आदत छूटने का नाम नहीं ले रही। खुद भाजपा नेता ही अब इसका शिकार हो रहे। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर आज अयोध्या की एंटी करपशन टीम ने कादीपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक को पांच हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एक माह पांच दिन पूर्व कुड़वार ब्लॉक पर भी अयोध्या की टीम ने राजस्व निरीक्षक को उसके सहयोगी के साथ दबोचा था। मामला कादीपुर कस्बे से जुड़ा है। क्षेत्र के निवासी भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र उपाध्याय पुत्र बृजेश उपाध्याय ने हदबरारी के लिए 22 फरवरी को वाद दायर किया था। हदबरारी के नाम पर कादीपुर राजस्व निरीक्षक राजित राम शर्मा पांच हजार की मांग किया था। जिस पर भाजपा नेता ने एंटी करपशन टीम अयोध्या से शिकायत किया था। आज शैलेन्द्र उपाध्याय पांच-पांच सौ की दस नोट पांच हजार रुपए राजितराम शर्मा को दे रहे थे कि उसी समय एंटी करपशन टीम ने उन्हें धर दबोचा। टीम राजितराम शर्मा को अपने गिरफ्त में लेकर दोस्तपुर थाने लेकर गयी है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आपको बता दें कि राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध इस कार्रवाई के बाद राजस्व महकमे और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि राजितराम हाल ही में लेखपाल से राजस्व निरीक्षक बने हैं लेकिन घूस लेने में वे माहिर माने जाते हैं। उधर बीते 9 नवंबर को कुड़वार ब्लॉक के राजस्व निरीक्षक त्रिलोकी नाथ मिश्रा व उसके मुंशी  को गिरफ्तार किया था। दोनों के विरुद्ध कुड़वार थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया था।

कोई टिप्पणी नहीं