ब्रेकिंग न्यूज

रात में लड़की से मिलने गए लड़के को परिजनों ने पकड़ा पीट-पीटकर मार डाला


गोंडा जिले में सोमवार देर रात ऑनर किलिंग की दिल दहलाने वाली वारदात हुई। यहां प्रेमी-प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद लड़के की लाश घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दी गई। जबकि लड़की की लाश को 20 किलोमीटर दूर अयोध्या में रातों-रात दफन कर दिया।इस खौफनाक वारदात को लड़की के परिवार वालों ने उस वक्त अंजाम दिया जब युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के मेहनौन गांव का है। गांव के रहने वाले सतीश चौरसिया (19) का आरती चौरसिया (18) से करीब दो साल से अफेयर चल रहा था। दोनों की अक्सर गांव के बाहर मुलाकात होती थी। इस बात का लड़की के घर वाले कई बार विरोध कर चुके थे। करीब एक हफ्ते से आरती घर वालों के डर से सतीश से मिलने नहीं जा पाई थी। इसके चलते उसने सतीश को रात को मिलने अपने घर बुला लिया।सोमवार आधी रात करीब साढ़े 12 बजे सतीश आरती से मिलने उसके घर पहुंच गया। उन दोनों को आरती के घरवालों ने साथ देख लिया। इसके बाद रात काे ही दोनों को जमकर पीटा। उसके बाद रस्सी से दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर सतीश के शव को चारपाई पर लिटाया और गांव के बाहर गन्ने के खेत में चारपाई समेत फेंक आए। सुबह होने के पहले घरवाले आनन-फानन में लड़की के शव को अयोध्या ले जाकर एक खेत में दफना कर लौट आए।इधर सतीश की मां ने बताया मेरा बेटा सुबह घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पता चला कि आरती भी घर पर नहीं है। हम लोग अपने बेटे की खोजबीन कर रहे थे। लेकिन आरती के घरवाले शांति से अपने घर पर बैठे थे। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी।इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और आरती के घरवालों से पूछताछ की। पहले तो उन लोगों ने पुलिस काे अपनी बातों में उलझाया। कई तरह की बातें बनाई लेकिन पुलिस ने शक होने पर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने पूरी सच्चाई बता दी। इसके बाद पुलिस ने लड़की के घरवालों की निशानदेही पर डेढ़ किलोमीटर दूर गन्ने के खेत से सतीश के शव को बरामद कर लिया। उसका शव चारपाई पर पड़ा था।इसके बाद पुलिस ने आरती के पिता कृपाराम और भाई राघवराम को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बेटी की लाश को 20 किलोमीटर दूर एक खेत में दफनाया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम लड़की के शव को बरामद करने के लिए भेजी गई है।एसपी  ने बताया सोमवार को लड़के के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई थी। इसके बाद धानेपुर पुलिस लड़के के घर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि सतीश का एक लड़की से अफेयर चल रहा था। वह उससे मिलने गया था। उसकी प्रेमिका की भी हत्या कर शव का अंतिम संस्कार अयोध्या में कर दिया गया है। फिलहाल युवती के परिजनों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। लड़के की डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। लड़की की डेडबॉडी बरामद होने के उसका भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं