ब्रेकिंग न्यूज

जंतर-मंतर पर किसान महापंचायत आज, पुलिस की अनुमति नहीं


नई दिल्ली संयुक्त किसान मोर्चा ने आज जंतर-मंतर पर महापंचायत करने का एलान किया है। लेकिन दिल्ली पुलिस ने किसानों को जंतर-मंतर पर महापंचायत करने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में ये तय नहीं है कि किसानों का क्या रुख रहेगा।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अनुमति नहीं देने की सूरत में किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। हालांकि जो किसान नई दिल्ली में आ चुके हैं वह जंतर-मंतर जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस किसानों के रुख को देखते हुए सुबह ही अपनी रणनीति तय करेगी।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारियों ने बताया कि किसानों ने महापंचायत के लिए अनुमति मांगी थी। नई दिल्ली जिला पुलिस ने जंतर-मंतर पर महापंचायत करने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।

बॉर्डरों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। किसानों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। दिल्ली के अलावा नई दिल्ली के बॉर्डर को रविवार रात से ही सील कर दिया गया। किसानों को व उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों को नई दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। नई दिल्ली के सभी बॉर्डरों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं। चेकिंग के बाद ही लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने दिया जा रहा था। पूरी दिल्ली पुलिस को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ किसान व किसान नेता नई दिल्ली में आ चुके हैं। ये गुरुद्वारे व धार्मिक स्थलों पर रूके हुए हैं। इन किसानों को जंतर-मंतर पर आने की अनुमति होगी। हालांकि तय सीमा से ज्यादा किसानों को जंतर-मंतर पर एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसानों का रुख स्पष्ट नहीं होने से दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से रविवार देर रात तक कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आए थे। जंतर मंतर पर सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा व अन्य किसान संगठनों के महापंचायत को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस किसानों को बॉर्डर पर रोकने की कोशिश कर रही है। इसके लिए बाहरी जिला पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसीपी के निगरानी में कई निरीक्षकों की टीम को तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे से बार्डर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बॉर्डर के पास सड़क के किनारे बैरिकेड और कंक्रीट के ढांचे रखवाए गए हैं। ताकि जरुरत पड़ने पर उसे सड़क पर रखकर किसानों का रास्ता रोका जा सके। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने क्रेन भी मंगवाई हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं