केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बच्चों की ली क्लास
अमेठी बोलो बच्चों 'म' से क्या होता है... मछली। अचानक बच्चों के बीच से आवाज आई। 'म' से 'मां' भी होता है। ये सुनते ही ब्लैक बोर्ड पर पढ़ा रही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी खुश हो गईं। बोलीं- अरे वाह.. बिल्कुल सही। मां भी होता है। क्या नाम है आपका बेटा। जवाब आया अथर्व। वो बोलीं- बच्चों बजाओ ताली।
फिर ईरानी ने अथर्व से हाथ भी मिलाया।ये सीन अमेठी के गौरीगंज के मनीपुर गांव के सरकारी स्कूल प्रकाश सरस्वती स्कूल का था। जहां स्मृति ईरानी अपने दौरे के दूसरे दिन पहुंची और चाक-डस्टर लेकर हिंदी की मास्टरनी बन गईं। बच्चों के लिए भी ये दिन खास था। लेकिन उनके अंदर कोई संकोच नहीं था। हर सवाल के लिए उनके पास अपने मासूम से जवाब थे।बोर्ड पर उन्होंने दो अक्षर लिखे थे। 'म' और 'न'। साथ में पढ़ें तो मन। लेकिन, उन्होंने पहले बच्चों से 'न' से क्या होता है पूछा, बच्चे बोले-नलका। बोर्ड पर हिंदी वर्ण माला के अक्षर लिखकर उनके अर्थ पूछे। बच्चों के जवाब से केंद्रीय मंत्री भी संतुष्ट नजर आईं। 15 मिनट तक बच्चों की हिंदी की मास्टरनी बनने के बाद उन्होंने कुछ वक्त स्कूल परिसर में ही बिताया।
कोई टिप्पणी नहीं