ब्रेकिंग न्यूज

अगले सात दिन ऐसा ही मौसम रहने की संभावना

 लखनऊ पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम बिगाड़ दिया है। बुधवार को छायी बदली ने गुरुवार की भोर से बरसना शुरू कर दिया। इससे दिन के तापमान में गिरावट आयी। ठण्ड के साथ गलन बढ़ गयी। इस बेमौसम की बरसात से आमजन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। किसानों का हाल बुरा है। खेत में आलू, सब्जियों, सरसों, गेहूं आदि की फसलों के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। उधर इस ठण्ड से दिल, ब्ल प्रेशर, अस्थमा, शुगर के मरीजों की दिक्कतें बढ़ गयी हैं। मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार से मौसम खराब होने की संभावना जतायी थी। गुरुवार की भोर से बरसात शुरू हो गयी थी। पूरे दिन राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होती रही। गोसाईंगंज, सरोजिनीनगर में ओले गिरने भी सूचना मिली है।बरसात के कारण दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन में 11 बजे 14 डिग्री सेल्सियस, दिन में तीन बजे 16.5 डिग्री सेल्सियस और शाम पांच बजे 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि यह पश्चिमी विक्षोभ ताकतवर है। अगले सात दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। शुक्रवार और शनिवार को बदली के साथ बरसात होगी। इसके बाद बदली बरकरार रहेगी। फिर 11 और 12 दिसम्बर को बारिश की संभावना है। ठण्ड के साथ गलन बढ़ेगी। न्यूनतम तामपान में गिरावट नहीं होगी। यह 9से 11 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। वहीं दिन का तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है

कोई टिप्पणी नहीं