ब्रेकिंग न्यूज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा पूर्वांचल को मच्छर और माफिया दोनों से मुक्त किया


लखनऊ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर सपा पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि मैं अखिलेश जी से एक बात कहते हुए योगी सरकार को एक सर्टीफिकेट देकर जाना चाहता हूं, उन्होंने पूर्वांचल को मच्छर और माफिया दोनों से मुक्त कर दिया है। यहां आप सफाई भी नहीं करते थे, मच्छरों का शासन था। पूरे पूर्वांचल में दिमागी बुखार से बच्चे मर रहे थे। मोदी के स्वच्छता अभियान को योगी सरकार ने जमीन पर उतारा और मच्छर मुक्त पूर्वांचल का काम किया। आजमगढ़ की सभी विधानसभा सीटों पर इस बार कमल खिलने वाला है।शाह ने आगे कहा कि जिस आजमगढ़ को सपा शासन काल में कट्टरवादी सोच और आतंकवाद के पनाहगाह के रूप में जाना जाता था। उसी भूमि पर मां सरस्वती का धाम बनाने का काम हो रहा है। यह बाबा विश्वनाथ की भूमि है, प्रभु श्री राम, संत कबीर, गुरु गोरखनाथ की भूमि है। यहां मां सरस्वती का मंदिर बनने जा रहा है। यह परिवर्तन की शुरुआत है। जिस आजमगढ़ को देश विरोधी गतिविधियों का अड्डा बनाकर रखा था। उस आजमगढ़ से आज युवा शिक्षित होकर देश के विकास में लगे हैं।शाह ने कहा कि यहां पर पहले जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण का राज चलता था। सबको न्याय नहीं मिलता था। आज योगी ने जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण पर पूर्ण विराम लगाने का काम किया है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश, देश की छठी अर्थव्यवस्था थी, आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।प्रदेश की जीडीपी 10,90,000 करोड़ थी, आज 21,31,000 करोड़ है। उत्तर प्रदेश को माफिया राज से मुक्ति दिलाने का काम योगी की सरकार ने किया है। आजमगढ़ इसका उदाहरण है। कैराना से लोग पलायन कर रहे थे, बेटियों की उच्च शिक्षा नहीं हो पाती है। आज माफिया यूपी छोड़कर चले गए हैं। अब यहां कानून का राज है। शाह ने आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करते हुए कहा कि मेरा सुझाव है कि इस यूनिवर्सिटी का नाम महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रखा जाए। क्योंकि आतंकवाद के खिलाफ लड़कर इस देश को आक्रांताओं से बचाने का काम सुहेलदेव जी ने किया था।

कोई टिप्पणी नहीं