ब्रेकिंग न्यूज

तीन मंजिला मकान ढहा, 5 लोगों की मौत


लखनऊ जौनपुर में आधी रात बड़ा हादसा हुआ। यहां कोतवाली क्षेत्र में रोजा अर्जन मोहल्ले में देर रात तीन मंजिला जर्जर कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। इससे मलबे में दबकर 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 6 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में एक पड़ोसी भी शामिल है। घायलों में से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गुरुवार रात 11:30 बजे के बाद यह हादसा हुआ है। शुक्रवार सुबह तक प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है।तीन मंजिला मकान जमालुद्दीन का बताया जा रहा है। देर रात खाना खाने के बाद कुछ लोग सोने चले गए तो कुछ लोग बैठकर घर में बातचीत कर रहे थे। रात में मकान भरभरा कर गिर गया।हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों को मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भी रेस्क्यू शुरू किया। पड़ोसियों के मुताबिक मकान कच्ची दीवार पर खड़ा हुआ था। उसके ऊपर दो मंजिला पक्का मकान बना था। काफी पुराना होने की वजह से काफी जर्जर हो गया था। पड़ोसियों के मुताबिक रोटी बनाने के काम से परिवार का खर्च चल रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। देर रात हुए इस हादसे के कारण मोहल्ले में चीख-पुकार मची हुई है। मकान का मलबा बिखरा पड़ा हुआ है।घटना की जानकारी के बाद डीएम , एसपी समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जौनपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री  ने घायलों का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद व राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं