ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में जल्‍द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्‍तार


लखनऊ उत्तर प्रदेश में जल्‍द ही मंत्रिमंडल विस्‍तार हो सकता है। गुरुवार को नई दिल्‍ली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद इसकी सम्‍भावना जताई जा रही है। लखनऊ के सियासी गलियारों में इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि गुरुवार की शाम गृह मंत्री अमित शाह के घर हुई इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहे। उम्‍मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के दिल्ली से लौटते ही किसी भी दिन मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। बताया जा रहा है कि बैठक में विधान परिषद सदस्य के लिए भी चार नामों पर सहमति भी बन गई है।योगी मंत्रिमंडल में अभी कुल 53 मंत्री हैं। इनमें 23 कैबिनेट, नौ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्यमंत्री हैं। बताया जा रहा है मानक के अनुसार कुल 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस लिहाज से अभी सात और मंत्री बनाए जा सकते है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ महीने ही बचे हैं। योगी सरकार और भाजपा इस समय पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटी है। इसी के तहत जातीय और अन्‍य समीकरण साधने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी चल रही है।

कोई टिप्पणी नहीं