ब्रेकिंग न्यूज

यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 1,175 नये मामले आये


लखनऊ। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में टेस्टिंग कार्य करते हुए, टेस्टिंग क्षमता निरन्तर बढ़ायी जा रही है। गत एक दिन में कुल 3,18,714 सैम्पल की जांच की गयी है। प्रदेश में अब तक कुल 5,17,23,809 सैम्पल की जांच की गयी जिसमें में 1 लाख 35 हजार से अधिक जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 1,175 नये मामले आये हैं। प्रदेश में विगत 24 घंटों में 3,646 तथा अब तक कुल 16,52,417 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल 22,877 एक्टिव मामले हैं, जिनमें से 12,921 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में प्रतिदिन की पाॅजिटिविटी दर 0.5 प्रतिशत कम तथा कुल पाॅजिटिविटी दर 3.4 प्रतिशत है। प्रदेश में रिकवरी रेट 97.4 प्रतिशत से अधिक हो गयी है। उन्होंने बताया कि सर्विलां स की कार्यवाही निरन्तर चल रही है। प्रदेश में अब तक सर्विलांस टीम के माध्यम से 2,91,769 क्षेत्रों में 6,42,667 टीम दिवस के माध्यम से 3,56,88,822 घरों के 17,16,24,758 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश के समस्त जनपदों में 18-44 वर्ष के आयु वर्ग के तथा 45 वर्ष ऊपर आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,58,69,421 लोगों को प्रथम डोज, जबकि 35,61,731 लोगों को द्वितीय डोज लगायी गई। प्रदेश में अब तक कुल 1,94,31,152 वैक्सीन लगायी जा चुकी हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि जिन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है वो समय आने पर वैक्सीन की दूसरी डोज भी अवश्य लगवाये। श्री प्रसाद ने बताया कि आज से प्रदेश में सीरो सर्विलांस शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 11 जून, 2021 तक चलेगा। इस अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के समस्त जनपदों से 62 हजार ब्लड सैम्पल एकत्र किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि अगले सोमवार से समस्त जनपद के महिला चिकित्सालय तथा संयुक्त चिकित्सालय में दो स्पेशल सेन्टर केवल महिलाओं के वैक्सीनेशन के लिए स्थापित किया जायेगा। इन महिला स्पेशल वैक्सीनेशन बूथों के स्थापित हो जाने से महिलाओं की टीकाकरण में भागीदारी बढ़ जायेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करे, सैनेटाइजर व साबुन से हाथ धोते रहे। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकाॅल का पालन अवश्य करें। किसी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पलाइन नम्बर 18001805145 पर सम्पर्क कर सकते हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं