ब्रेकिंग न्यूज

मुठभेड़ में दोनों टांगों पर गोली लगने से एक लाख का इनामी हत्यारा घायल, डॉक्टर बोले- काटने पड़ेंगे पैर


लखनऊहाथरस में चर्चित किसान अमरीश शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उस पर एक लाख का इनाम घोषित था। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बदमाश की जान बच जाएगी, लेकिन उसके दोनों पैर काटने पड़ेंगे। अब वह चल नहीं पाएगा। मुख्य आरोपी के साथ मध्य प्रदेश के परमाल गैंग का शूटर भी मुठभेड़ में घायल हुआ है

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी और थाना सासनी पुलिस टीम क्षेत्र के इगलास रोड पर गश्त पर थी। तभी सूचना मिली कि नौजरपुर में 50 दिन पहले हुए हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त गौरव शर्मा आने वाला है। इस पर थाना सासनी, थाना हाथरस गेट और एसओजी ने घेराबंदी शुरू की। इसी बीच तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे और फायरिंग कर दी। जिस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदमाश गौरव शर्मा और उसका साथी सोनू तोमर उर्फ श्याम गोली लगने से घायल हो गया। जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।इसके कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। सोनू तोमर मध्य प्रदेश के मुरैना और ग्वालियर जिलों से हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सोनू तोमर पर 30 हजार का इनाम घोषित था।बीते एक मार्च को सासनी थाना क्षेत्र के नौजरपुर में पुरानी रंजिश के चलते अमरीश शर्मा (52) की हत्या कर दी गई थी। अमरीश अपने खेत पर आलू की खुदाई करा रहे थे। उनकी पत्नी बेटी के साथ खाना देने के लिए खेत पर आई थी। इसी दौरान गौरव अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अमरीश की मौत हो गई थी। अमरीश ने जुलाई 2018 में आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। हत्या के बाद मृतक की बेटी का वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने गौरव शर्मा के एनकाउंटर की मांग की थी। इस हत्याकांड में पुलिस अब तीन नाजमद आरोपी ललित शर्मा, रोहिताश शर्मा और निखिल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। मुख्य आरोपी गौरव अभी तक फरार चल रहा था।

कोई टिप्पणी नहीं