विधानसभा की सुरक्षा में तैनात दरोगा ने खुद को मारी गोली
लखनऊ।राजधानी लखनऊ के विधानसभा गेट नंबर 7 के सामने बनी पार्किंग में गुरुवार दोपहर बाद एक दरोगा ने खुद को सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास सुरक्षा में तैनात जवान मौके पर दौड़े तो देखा कि दरोगा जमीन पर पड़ा था। उसके सीने में गोली लगी थी। आनन-फानन में उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। साथियों का कहना है कि दरोगा डिप्रेशन में था। जांच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित सुसाइड नोट मिला है।
इसमें दरोगा ने लिखा है कि मेरे बाद परिवार का ख्याल रखिएगा।दरोगा निर्मल चौबे की वर्तमान में तैनाती राजधानी लखनऊ के बंथरा थाने में थी। उन्होंने चिनहट में अपना मकान भी बनवाया था। विधानमंडल के बजट सत्र के चलते उनकी गुरुवार को ड्यूटी विधानसभा के गेट नंबर पर सात पर थी। दरोगा निर्मल चौबे ने दोपहर बाद करीब 3:15 बजे पार्किंग की तरफ आए और अपनी सरकारी पिस्टल को सीने से सटाकर गोली मार ली।पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि निर्मल कुमार चौबे ने खुद को गोली मारी है। सीसीटीवी फुटेज में भी यह पुष्टि हुई है। जांच में दरोगा निर्मल कुमार चौबे का सुसाइड नोट मिला है। उन्होंने सुसाइड नोट मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा है कि मेरी तबीयत बहुत खराब रहती है। आप मेरे परिवार का ख्याल रखिएगा।
कोई टिप्पणी नहीं