ब्रेकिंग न्यूज

पूरे प्रदेश में 5 जनवरी से ड्राई रन


लखनऊ।अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,29,111 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 2,42,16,483 सैम्पल की जांच की गयी है, जिसमें 1 करोड़ से अधिक की जांच आर0टी0पी0सी0आर0 के माध्यम से की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 728 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 13,316 कोरोना के एक्टिव मामले में से 5518 लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सालयों में 1,305 लोग ईलाज करा रहे हैं, इसके अतिरिक्त मरीज एल-1, एल-2 तथा एल-3 के सरकारी अस्पतालों मे अपना ईलाज करा रहे है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घंटे में 1190 लोग तथा अब तक कुल 5,65,731 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी प्रतिशत 96.30 है। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,80,327 क्षेत्रों में 5,01,166 टीम दिवस के माध्यम से 3,10,33,580 घरों के 15,09,42,788 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 3953 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है। अब तक 3,40,474 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है।श्री प्रसाद ने बताया कि  राज्यपाल  द्वारा आज टी0बी0 का अभियान शुभारम्भ किया गया। यह अभियान आज से 12 जनवरी, 2021 तक चलाया जायेगा। इस अभियान के अन्तर्गत घर-घर जाकर संदिग्ध टी0बी0 मरीजों की खोज की जायेगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए 10 जनवरी, 2021 से मुख्यमंत्री आरोग्य मेला प्रारम्भ किया जायेगा।श्री प्रसाद ने बताया कि आज वैक्सीनेशन की तैयारियों को लेकर लखनऊ के 6 स्थानों पर ड्राई रन चलाया गया। इसके बाद पूरे प्रदेश में 05 जनवरी से ड्राई रन चलाया जायेगा। यह अभियान प्रत्येक जनपद के 6 स्थानों पर जिनमें 03 शहरी क्षेत्र तथा 03 ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन की तैयारियां चल रही है, जिसके अन्तर्गत कोविड चेन का विस्तार, स्टोरेज की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही वैक्सीन रखने वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे है। कोविड वैक्सीन के भण्डारण के साथ-साथ वैक्सीन लक्षित समूहों को चरणबद्ध तरीके से लगाने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि 9 दिसम्बर के बाद से यू0के0 से आने वाले लोगों का कोविड-19 टेस्ट कराया जा रहा है। अब तक 2500 से अधिक सैम्पल लेकर टेस्ट किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कोविड के नये संक्रमण से लोगों को डरने व घबराने की आवश्यकता नहीं है इससे बचाव के भी वही तरीके है जो अब तक अपनाये जा रहे है। इसलिए सभी लोग मास्क पहनें, हाथ साबुन-पानी से धोते रहें तथा लोगों से दो गज की दूरी बनाये रखें। जब तक वैक्सीन नहीं आती तब तक कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए पहले से बीमार बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं को संक्रमण से बचाना होगा। 

कोई टिप्पणी नहीं