मुजफ्फरनगर में पूर्व प्रधान ने ग्राम पंचायत अधिकारी की पुलिस के सामने गोली मारकर हत्या कर दी
लखनऊ।मुजफ्फरनगर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रविवार सुबह नाली के विवाद में दबंग पूर्व प्रधान ने ग्राम पंचायत अधिकारी की पुलिस के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान गोली लगने से चार लोग घायल भी हुए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव है। पुलिस फोर्स तैनात की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव का दावा है कि स्थिति काबू में है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।वारदात तितावी थाना क्षेत्र के दुधाहेड़ी गांव की है। गांव निवासी अर्जुन (22) सदर ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात है। रविवार को अवकाश होने के नाते वह गांव पर ही था। सुबह करीब 11 बजे अर्जुन अपने परिवार के साथ घर में बैठा था। आरोप है कि तभी नाली के विवाद को लेकर पूर्व ग्राम प्रधान विनोद अपने साथियों के साथ असलहों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। उसने हमला कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से अर्जुन की मौत हो गई। जबकि उसका भाई इंदु देशवाल समेत चार घायल हुए। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में एक युवक प्रधान पक्ष की तरफ से है। वारदात के बाद प्रधान अपने साथियों के साथ फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान अपराधी किस्म का है। वह पूर्व में बलात्कार के केस में जेल भी जा चुका है। हत्याकांड को लेकर गांव में तनाव है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली है।
कोई टिप्पणी नहीं