ब्रेकिंग न्यूज

एसपी ने लम्भुआ में पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, धोपाप घाट पर विसर्जन की तैयारियों का लिया जायजा


सुलतानपुर दुर्गा पूजा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। गुरुवार को एसपी विनीत जायसवाल ने क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर के साथ लम्भुआ कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने धोपाप घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया और विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एसपी ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।एसपी ने दुर्गा पूजा समितियों को डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों तथा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने और ध्वनि के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर जोर दिया। साथ ही आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की।

एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों, विद्युत कनेक्शन और वायरिंग की सुरक्षित व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में प्रवेश और निकास के रास्ते सुगम रखे जाएं, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। आयोजकों को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए भी कहा गया।धोपाप घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर की गई तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी करने और पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही नियमित पैदल गश्त और प्रभावी पुलिस निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने सभी आयोजकों, समिति के पदाधिकारियों और आमजन से त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने और दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।


कोई टिप्पणी नहीं