ब्रेकिंग न्यूज

रेप पीड़िता को जिंदा जलाने की कोशिश


नई दिल्ली। जयपुर के कोतवाली क्षेत्र में रेप के आरोपी द्वारा पीड़िता को जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी करीब सात महीने से फरार चल रहा था, लेकिन दीपावली की रात को वह पीड़िता के घर पहुंचा। घर में घुसते ही आरोपी ने कमरे में मौजूद पीड़िता पर पेट्रोल उड़ेल दिया और उसे जिंदा जला दिया।वारदात के दौरान पीड़िता के नाबालिग बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे भी झुलस गए। पीड़िता और उसके बच्चे को एसएमएस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। घटना के बाद तत्काल टीमें बनाते हुए आरोपी, उसके दो बड़े भाइयों और  पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को 18 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है और उसे इसी रविवार कोर्ट में भी पेश किया जाएगा। आरोपी के दोनों भाइयों और पिता ने पीड़िता के घर पर पत्थर फेंके थे और उसका इस अपराध में सहयोग भी किया था।बता दें कि 37 साल की महिला ने 28 साल के मुख्य आरोपी लेखराज के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला ने लॉकडाउन से पहले ही मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही आरोपी लेखराज वहां से फरार हो गया था वहीं पुलिस भी उसे पकड़ने में नाकाम रही थी। पीड़िता ने बताया कि वह 14 नवंबर को दीपावली की शाम करीब सवा सात बजे घर पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी वहां आया और उसने महिला पर तेल छिड़ककर आग लगा थी। वहीं, महिला के पति कॉलोनी में बने मंदिर में दीपक जलाने गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं