ब्रेकिंग न्यूज

जनमाष्टमी, गणेश पूजा व दुर्गा पूजा को लेकर डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं व पीस कमेटी के साथ की बैठक


सुल्तानपुर आगामी जनमाष्टमी, गणेश पूजा व दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद प्रवीण कुमार अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल, अपर जिलाधिकारी (प्रशा0) रत्नप्रिया, अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह व केन्द्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश की उपस्थिति में पीस कमेटी/धर्मगुरूओं के साथ बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता के सम्बन्ध में विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी  ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) द्वारा आगामी त्यौहार के दृष्टिगत थानावार, तहसीलवार पीस कमेटी की बैठक के सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की । उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर लें तथा सम्बन्धित पीस कमेटी से वार्ता कर सभी आधारभूत सुविधाओं जैसे- साफ-सफाई, बिजली, पानी, यातायात, सड़क आदि के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को समय से अवगत करा दें, जिससे त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराया जा सके। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को धार्मिक स्थलों तथा प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।     अपर पुलिस अधीक्षक ने लॉ एण्ड ऑर्डर के दृष्टिगत समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी पीस कमेटी की बैठक अवश्य कर लें तथा सम्बन्धित शांति समितियों से बेहतर संवाद कायम करते हुए आगामी त्यौहार को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न करायें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पूजा समितियां अपने-अपने कार्यक्रम स्थलों पर सी.सी.टी.वी. कैमरों की व्यवस्था अवश्य करा लें तथा स्थल पर अपने वालेन्टियर्स की नियुक्ति करें। डी.जे. कम्पटीशन न हो ऐसा सुनिश्चित करें तथा डी.जे. की ध्वनि निर्धारित मानक के अनुरूप रखी जाय। उन्होंने कहा कि अनुमति प्रदान करते समय उपरोक्त सभी बातों का ध्यान रखें। पुलिस अधीक्षक  ने पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि डी.जे. व मूर्ति विसर्जन के दौरान ऊंचाई निर्धारित मानक जमीन से 12 फुट तक ही रखें, उससे अधिक ऊंचाई अनुमन्य नही होगी। उन्होंने कादीपुर, कूरेभार, मोतिगरपुर, गोसाईंगंज में जन्माष्टमी के अवसर पर लगने वाले मेलों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था का विशेष प्रबन्ध करने के निर्देश सम्बन्धित थाना प्रभारियों को दिये। उन्होंने कहा कि सभी आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण वातावरण में आगामी त्यौहार को सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।   जिलाधिकारी ने कहा कि जनमाष्टमी, गणेश पूजा व दुर्गा पूजा पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द का पर्व है। जनपद में पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों जैसे- जिला पंचायतराज अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, ए.सी. विद्युत, एक्सीईन पी0डब्ल्यू0डी0 को निर्देशित किया कि सभी शांति समितियों द्वारा चिन्हित किये गये कार्यों को ससमय पूर्ण करायें।    बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण खंड, संबंधित अधिशासी अभियंता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, परिवहन विभाग तथा पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी, पीस कमेटी के प्रतिनिधि व धर्मगुरू उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं