ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की अध्यक्षता में तहसील कादीपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की उपस्थिति में तहसील कादीपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सम्बन्धित सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।  जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के साथ उसकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।  संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 272 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया । शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी  ने कहा कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच एवं निरीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जिससे विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी  ने तहसीलदार, राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। धारा-24 एवं वरासत से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि वरासत के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कादीपुर तहसील में लंबित प्रकरणों की स्थिति पर जिलाधिकारी  ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।  जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को अपने-अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। किसी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।  जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि बरसारत अब समाप्त हो गयी है तथा त्योहारों के दृष्टिगत सड़कों पर हुये गढ़्ढों को जल्द से जल्द ठीक किया जाये। विद्युत, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी  ने कहा कि खेतों में विद्युत पोल अथवा खंभों से सीधे लगी जाली एवं तारों के संबंध में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी  ने उपजिलाधिकारी कादीपुर को नयी तहसील के निर्माण हेतु स्थान चिन्हित करने के लिये निर्देशित किया तथा उन्होनें तहसील स्तर पर संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। विभिन्न धाराओं के मामलों में आदेश पारित होने के पश्चात संबंधित पक्ष को नियमानुसार तत्काल कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी  ने गर्भवती महिलाओं एनिमिया व कुपोषण की समय से पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होने गर्भवती महिलाओं को समय से चिन्हित करने हेतु भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल हमारी पहली प्राथमिकता है। गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने हेतु डिजिटल क्लास व ऑन लाइन शिक्षा की भी तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी जनसेवक हैं और जनसेवा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय से मिल सके तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो।   इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।    इसी प्रकार अन्य सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं