गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने सुनी आमजन की पीड़ा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
सीएम योगी ने जनता दर्शन में आए लोगों की फरियाद को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत एवं स्थानीय समस्याएं लेकर पहुंचे। सीएम योगी एक-एक कर लोगों से उनकी समस्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिक को समय पर न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। जनता दर्शन के माध्यम से सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद कायम करते हुए समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है। सीएम योगी के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न प्रकरणों को दर्ज करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की। जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने सीएम योगी के समक्ष सीधे अपनी बात रखने और समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश मिलने को महत्वपूर्ण बताया।


कोई टिप्पणी नहीं