सुल्तानपुर में आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ पर लाभार्थियों को डेमो चेक व पीपीई किट वितरित
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारम्भ के अवसर पर बुधवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आउटसोर्स व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल से लोगों को अवगत कराना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लाल चन्द्र सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आउटसोर्स कर्मी एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आउटसोर्स कर्मियों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं कार्यक्रम को देखा और सुना।इस दौरान यूपीसीओएस की स्थापना के उद्देश्य, आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने तथा योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया।कार्यक्रम में मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत पात्र लाभार्थियों ज्योति, सोनम, जगन्नाथ, पंकज, हौंसिला एवं मिथिलेश सहित अन्य लाभार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से डेमो चेक वितरित किए गए।इसके साथ ही हिमांशु, अर्जुन, श्याम, मंसूर, अरविन्द, घनश्याम, गणेश एवं रवि सहित अन्य लाभार्थियों को पीपीई किट प्रदान की गई। योजना का लाभ मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष दिखाई दिया।नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती और सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में अधिक पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था स्थापित होने की उम्मीद है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यूपीसीओएस की स्थापना आउटसोर्स व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आउटसोर्स भर्तियों में पारदर्शिता को मजबूत करने और योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से स्वयं योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ आसपास के पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ को महत्वपूर्ण पहल बताया। अधिकारियों ने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र व्यक्तियों तक उनका लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों और आमजन को यूपीसीओएस की स्थापना के उद्देश्य एवं इससे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।उपस्थित लोगों ने प्रदेश सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और योग्य युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लाल चन्द्र सरोज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट किए। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



कोई टिप्पणी नहीं