ब्रेकिंग न्यूज

फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, पति से मांगे 40 लाख; महिला गिरफ्तार


लखनऊ खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी बताकर शादी करने और बाद में पति से 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने बदायूं निवासी साधना को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने सोशल मीडिया पर खुद को आईएएस अधिकारी बताकर अपनी पहचान बनाई और इसी झूठ के आधार पर युवक को अपने जाल में फंसा लिया।पुलिस के मुताबिक, साधना के पिता किसान हैं। उसका एक भाई बेंगलुरु में क्लीनिक संचालित करता है, जबकि दूसरा भाई बदायूं में एक निजी फर्म में कार्यरत है। परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद साधना ने सोशल मीडिया पर खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए कई तस्वीरें और पोस्ट साझा करनी शुरू कर दीं।इसी दौरान पिछले वर्ष फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान अभिषेक कुमार से हुई। साधना की कथित सरकारी अधिकारी वाली छवि से प्रभावित होकर अभिषेक ने विवाह का प्रस्ताव रखा। दोनों परिवारों की सहमति के बाद दोनों का विवाह संपन्न हो गया।अभिषेक का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद उसे पता चला कि साधना वास्तव में आईएएस अधिकारी नहीं है और उसने झूठी पहचान बनाकर विवाह किया है। जब उसने इस धोखाधड़ी का विरोध किया तो साधना ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया।पीड़ित के अनुसार, साधना ने बदायूं में क्लीनिक खोलने के नाम पर 40 लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर उसने कथित तौर पर अभिषेक का गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया।अभिषेक कुमार ने करीब 15 दिन पहले साधना के खिलाफ जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, रंगदारी मांगने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से साधना फरार चल रही थी।पुलिस ने सोमवार शाम कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या साधना ने इसी तरह फर्जी पहचान के जरिए अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।गौरतलब है कि हाल ही में फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाली विप्रा शर्मा का मामला भी चर्चा में रहा था। अब साधना की गिरफ्तारी ने एक बार फिर फर्जी पहचान के जरिए ठगी और धोखाधड़ी के मामलों को उजागर कर दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं