ब्रेकिंग न्यूज

युवाओं को नौकरी ही नहीं, रोजगार देने वाला बनाएगी सरकार: सीएम योगी


लखनऊ विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति है और सरकार इस शक्ति को अवसर, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़कर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में एमएसएमई, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा तथा श्रम एवं सेवायोजन विभाग के समन्वय से स्किल-इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे।लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्किल-इंडस्ट्रियल जोन में स्थानीय उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण पूरा होते ही उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि विदेशों में बढ़ती रोजगार संभावनाओं को देखते हुए युवाओं को जापानी समेत अन्य विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कौशल विकास को देश में नई पहचान मिली है। उत्तर प्रदेश में आईटीआई और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही रोजगार मेलों और कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी, जबकि आज पूरी पारदर्शिता के साथ बिना किसी सिफारिश के नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सवा तीन करोड़ से अधिक कारीगर और युवा स्वरोजगार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) जैसी योजनाओं के माध्यम से मुरादाबाद का पीतल उद्योग, फिरोजाबाद का कांच उद्योग, भदोही की कालीन और लखनऊ की चिकनकारी जैसे पारंपरिक उद्योगों को नई मजबूती मिली है, जिससे लाखों लोगों की आजीविका सशक्त हुई है।उन्होंने रक्षा क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई की स्थापना के लिए रक्षा मंत्रालय को 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई। इससे प्रदेश के करीब 500 युवाओं को रोजगार मिला है और राज्य को जीएसटी के रूप में अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने अधिक युवा कौशलयुक्त होंगे, उतनी ही तेजी से उत्तर प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी। उन्होंने युवाओं से निराश न होने, नई तकनीकों को सीखने और कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 युवाओं को सम्मानित भी किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं