ब्रेकिंग न्यूज

दूल्हा शादीशुदा फुफेरी बहन को लेकर हो गया फरार,दुल्हन करती रही इंतजार


बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपनी शादी से एक दिन पहले शादीशुदा फुफेरी बहन को लेकर फरार हो गया। जानकारी जब दुल्हन पक्ष को हुई तो उन्होंने हंगामा कर दिया। पंचायत के बाद दुल्हन पक्ष को 1.50 लाख रुपये देकर समझौता करा दिया गया।युवक की शादी भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव से तय हुई थी। 29 नवंबर का मुहुर्त तय किया गया। इसके बाद परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुट गए। लड़की के भाई ने बताया कि उन्होंने दहेज में कुछ रुपये और एक बाइक दूल्हे को दी। मंगलवार को पता चला कि दूल्हा फरार हो गया। बरात न आने से सारी तैयारियां धरी रह गईं।दूल्हा पक्ष के गांव जाकर उन्होंने नाराजगी जताई। गांव वालों ने दोनों पक्ष की पंचायत बैठाई। पंचायत में तय हुआ कि दूल्हा पक्ष शादी से पहले दिए गए सामान के बदले 1.50 लाख रुपये दुल्हन पक्ष को देगा। इस पर लड़की के परिजन भी सहमत हो गए। रुपये और सामान मिलने के बाद उन्होंने कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस को सूचना भी नहीं दी।युवक की फुफेरी बहन की शादी भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। पति से विवाद के बाद वह अपने मायके में रह रही है। मंगलवार को जब वह लापता हुई तो परिजनों ने भोजीपुरा पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपी का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। महिला ने परिवार के साथ जाने की बात कही। इसके बाद उसे घर भेज दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं