ब्रेकिंग न्यूज

प्रधानमंत्री की रामभक्तों से अपील, 22 जनवरी को न आएं अयोध्या,बाद में आने का प्लान बनाएं


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से अपील की है कि 22 जनवरी के दिन लोग अयोध्या न आएं। जिन लोगों को निमंत्रण भेजा गया है सिर्फ वही लोग आएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या दौरे पर थे।उन्होंने यहां जनता के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां रोड शो किया और कई बड़ी योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के बाद उन्होंने जनता को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर 22 जनवरी को अयोध्या न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यहां हो रहे निर्माण कार्य हर राम भक्त के लिए अयोध्या की यात्रा को भगवान राम के दर्शन को और आसान बनाएंगे। ये एतिहासिक क्षण बहुत भाग्य से हम सभी के जीवन में आया है।प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से कहा कि हमें देश के लिए नवसंकल्प लेना है। खुद को नई ऊर्जा से भरना है। मैं 140 करोड़ देशवासियों को हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं कि आप 22 जनवरी को जब अयोध्या में प्रभू राम विराजमान हों तब अपने घरों में भी श्रीराम ज्योति जलाएं दीपावली मनाएं।22 जनवरी की शाम पूरे हिंदुस्तान में जगमग-जगमग होनी चाहिए।प्रधानमंत्री  मोदी ने जनता से कहा कि आप भी जानते हैं कि हर किसी का आना संभव नहीं है। अयोध्या में सबका पहुंचना बहुत मुश्किल है। इसलिए सभी राम भक्तों को  मेरी हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि 22 जनवरी को एक बार विधि पूर्वक कार्यक्रम हो जाने के बाद 23 तारीख के बाद अपनी सुविधा के अनुसार वे अयोध्या आएं।अयोध्या आने का मन 22 तारीख को न बनाएं। प्रभू श्रीराम आ रहे हैं तो हम उनके दर्शनों के लिए इंतजार करें।550 साल इंतजार किया है कुछ दिन और इंतजार कीजिए।इसलिए सुरक्षा के लिहाज से व्यवस्था के लिहाज से 22 जनवरी को यहां आने से बचिए।

कोई टिप्पणी नहीं