उपमुख्यमंत्री ने कहा- ब्लॉक प्रमुख का अगला चुनाव सीधे जनता से होगा
लखनऊ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख का अगला चुनाव सीधे जनता से कराएंगे। शुक्रवार को बरेली पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता के दौरान सवालिया अंदाज में कहा कि जब नगर पालिका नगर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव सीधे जनता से हो सकते हैं तो ब्लॉक प्रमुख के क्यों नहीं। ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी जनता से कराएंगे। वह इसके लिए प्रयासरत हैं। इससे पहले सर्किट हाउस के सभागार में उपमुख्यमंत्री ने ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारियों के साथ सम्मेलन किया।हर घर जल योजना में सड़कों को खोदकर छोड़ देने पर उपमुख्यमंत्री ने कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि सड़क की सतह से एक मीटर गहराई में पाइप डालना है। अगर ऐसा नहीं होता है तो ब्लॉकप्रमुख शिकायत करें और मुख्य विकास अधिकारी कार्रवाई कराएं। अगर सड़क को एक वर्ष के भीतर पहले जैसी हालत में नहीं लाया गया तो संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा स्मार्ट सिटी की तरह स्मार्ट विलेज बनाएगी सरकार।गांवों में ऐसे काम कराएं जो प्रदेश और देश के लिए मॉडल बन जाएं। काम नहीं करने वाले सफाई कर्मियों पर डीपीआरओ कार्रवाई करें।अपने ब्लाक को आदर्श बनाएं ताकि मॉडल पेश किया जा सके। तालाबों, नदियों और सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए जाएं।ब्लॉक प्रमुख अपने विचार उन्हें ई-मेल करें, सरकार उस पर काम करेगी।प्रत्येक ब्लाक में 10 मॉडल गांव बनाए जाएं।
कोई टिप्पणी नहीं