ब्रेकिंग न्यूज

ट्रक और टेंपो में टक्कर, पांच की मौत


बहराइच जिले में शुक्रवार देर रात एक  डंपर ने सवारियों से भरी टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हैं। इनमें दस की हालत गंभीर है। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। उसका अगला हिस्सा पिचक गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।हादसा लखनऊ- बहराइच हाईवे पर कैसरगंज थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक आसपास के एक गांव के थे। लड़की का तिलक चढ़ाकर लौट रहे थे।पुलिस ने बताया कि हुजूरपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी मंशाराम की बेटी का विवाह 18 किलोमीटर दूर कैसरगंज के रुकनापुर गांव से तय हुआ था।

गुरुवार को तिलक कार्यक्रम था। मंशाराम रिश्तेदार और परिवार के लोगों के साथ तिलक लेकर रूकनापुर गांव टैंपो से गया था। कार्यक्रम से करीब 12 बजे लौट रहे थे। तभी लखनऊ- बहराइच मार्ग पर मदनी हॉस्पिटल के सामने डंपर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।लड़की के भाई राजितराम ने बताया कि हम दीदी की तिलक चढ़ाने रुकनापुर गांव गए थे। टेंपो से सभी लोग घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से डंपर आ गया। टेंपो का ड्राइवर स्टेयरिंग नहीं काट पाया, जिस कारण डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद हम टेंपो में ही रह गए, बाकी लोग इधर--उधर गिर गए। टेंपो में कम से कम 15 से 20 लोग सवार थे।वहीं हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उनके उचित इलाज के डाक्टरों को निर्देश दिया।हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना के बाद अधिकारियों को तत्काल स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। साथ ही हादसे में घायलों का समुचित इलाज के आदेश दिए।

कोई टिप्पणी नहीं