ब्रेकिंग न्यूज

सीएम ने कराया डीएम व एसपी की दफ्तरों में उपस्थिति का रियलिटी चेक


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को रोजाना सुबह अपने दफ्तर में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तान को सुबह 10 से 12 तक अपने दफ्तर में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका निस्तारण करना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद भी कुछ अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। मुख्यमंत्री तक का आदेश नहीं मान रहे हैं। इस बात की जानकारी शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से कराए गए रियलिटी चेक के बाद सामने आई है। बताया जा रहा है कि 30 जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान गैरहाजिर मिले हैं। 14 जिलाधिकारीऔर 16 पुलिस कप्तान अपने दफ्तरों में नहीं थे।मुख्यमंत्री के कार्यालय और मुख्य सचिव के कार्यालय से जिलाधिकारियों की लोकेशन चेक की गई।एसपी और एसएसपी की लोकेशन के लिए अपर मुख्य सचिव (गृह), डीजीपी कार्यालय और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के कार्यालय से फोन किया गया। पहली बार सुबह साढ़े 9 बजे और दूसरी बार 10 बजे के बाद फोनकर अधिकारियों के बारे में पूछा गया कि वह आफिस में हैं या नहीं। पता चला कि कई जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी दफ्तरों में मौजूद नहीं थे। दफ्तरों से गौरहाजिर रहे जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान को लेकर सीएम योगी सख्त हो गए हैं। सभी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। माना जा रहा है कि सही जवाब नहीं देने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान को सख्त निर्देश दिया है कि वे हर दिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में रहें और फरियादियों की समस्याएं सुनें। जो भी अधिकारी जनता दर्शन कार्यक्रम से नदारद रहेगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसकी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव कार्यालय के साथ-साथ एसीएस होम, डीजीपी स्तर से की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं