ब्रेकिंग न्यूज

साइकिल चलाकर बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचे डीएम

 


लखनऊ बहराइच जिले में बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी साइकिल से गांव तक पहुंचे। वहां बाढ़ पीड़ितों से बात करके उनका हाल जाना और उन्हें राशन और आयुष किट वितरित की। उन्होंने जल्द ही शासन के निर्देशानुसार विस्थापन का आश्वासन दिया।कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में घने वनों, नदियों, सुन्दर मनोहारी वनों और वन्य जीवों के बीच जनपद से दूर राजस्व ग्राम भरथापुर, जहां पर बाढ़ के बाद पहुंच पाना बहुत ही मुश्किल था।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और बाढ़ पीड़ितों को राशन किट और आयुष किट बांटी।डीएम और एसपी ने ग्रामवासियों से रूबरू होते हुए उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामवासियों द्वारा ग्राम का विस्थापन कराये जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशानुसार जल्द ही विस्थापन की प्रक्रिया कराई जाएगी।जिले से दूर गांव भरथापुर के लिए शासकीय वाहन पर निकले डीएम-एसपी कतर्नियाघाट घड़ियाल सेन्टर पहुंचे। यहां पर नाव पर सवार होकर गेरुवा नदी के उस पार पहुंचकर ट्रांस गेरुवा क्षेत्र में प्रायः हाथी, गैंडा और बाघ बाहुल्य जंगल में लगभग डेढ़ किलोमीटर साइकिल से और पैदल चलकर गन्तव्य स्थल तक पहुंचे। वहां पर ग्रामवासियों ने गर्मजोशी से जिले के आला अधिकारियों का स्वागत किया।इस अवसर पर  जिलाधिकारी डॉ. चन्द्र ने बताया कि मुख्यमंत्री जी और शासन के उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं कि जिले के सभी बाढ़ पीड़ितों को उनकी पात्रता के अनुसार त्वरित राहत पहुंचाई जाए। शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं कि कटान और बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं अथवा फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें सहायता और अनुदान उपलब्ध कराया जाय। 

कोई टिप्पणी नहीं