ब्रेकिंग न्यूज

धनतेरस पर सुलतानपुर में 150 करोड़ का हुआ कारोबार


सुलतानपुर जिले में धनतेरस के अवसर पर जैसे-जैसे अंधेरा बढ़ता गया बाजार की रौनक मध्म पड़ती गई। चौक आदि स्थानो पर जहां दिन से शाम तक पैदल चलना दूभर था वहां रात 9 बजे के बाद भीड़ एकाएक छट गई। शनिवार के चलते लोहे से जुड़े सामानो की बिक्री पर भी असर पड़ा।

हालांकि जिलेभर में कुल व्यापार 150 करोड़ का हुआ है। जिसमें चार पहिया वाहन 40 करोड़, दुपहिया वाहन 30 करोड़, सराफा 30 करोड़, कपड़ा 16 करोड़, बर्तन 10 करोड़, इलेक्ट्रानिक सामान 20 करोड़ का बिका है। इस बार धनतेरस ने पहले का रिकॉर्ड तोड़ दिया 2019 में 75 करोड़ और 2020 में 100 करोड़ का व्यापार हुआ था। हालांकि आटो मोबाइल्स सेक्टर से जुड़े सरदार बलदेव सिंह ने बताया कि धनतेरस पर आटो मोबाइल्स सेक्टर पर शनिवार का असर रहा। शनिवार के होने के नाते लोगो ने गाड़िया, लोहे के सामान आदि की खरीदारी कम किया।

उन्होंने ये भी बताया कि ऐसे में रविवार और सोमवार को बिक्री बढ़ सकती है।धनतेरस पर किचन के लिए लोगों ने इस पर्व पर बर्तनों की जमकर खरीद की। बर्तन दुकानदारों ने टेंट लगाकर धनतेरस पर ग्राहकों को बर्तन बेचा। तांबे से लेकर लोहे और पीतल के बर्तनों की डिमांड भी खूब रही। सबसे ज्यादा थाली, प्लेट, कटोरी, तवा, कूकर, चिमटी व पतीले की खरीद हुई। आधुनिक किचन में इस्तेमाल होने वाले सामानों की खूब बिक्री हुई।

अलमारियों की बिक्री भी जोरों पर रही। लोगों ने अलमारियों की अलग-अलग मॉडलों की खरीद की। कपड़ा बाजार में भी धनतेरस पर लोग देखे गए। शहर समेत ग्रामीण इलाके की छोटी से बड़ी कपड़ा की दुकानों पर ग्राहक पहुंचे। रेडीमेड के साथ थान वाले कपड़े की भी डिमांड खूब रही। इसमें लोगों के पास 200 से लेकर ढाई हजार रुपये मीटर तक के विकल्प मौजूद रहे। धनतेरस पर महिलाओं, बड़ों व बच्चों ने अपने मनपसंद कपड़ों की खरीदारी की। ठंड के आगमन के चलते धनतेरस पर कंबल के अलावा रजाई, गद्दे और तौलिया की भी जमकर खरीद हुई। धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में छूट के साथ सामानों की जमकर बिक्री हुई। एलईडी, टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन, आरओ, ओवन समेत अन्य सामानों पर दो से तीन हजार रुपये तक की ग्राहकों को छूट दी गई। श्योर गिफ्ट और कैश डिस्काउंट भी ग्राहकों को दिया गया। चाइनीज मोबाइल के बजाय इंडियन मोबाइल कंपनियों पर लोगों ने ज्यादा भरोसा जताया है। इस बार धनतेरस पर सात से लेकर 15 हजार रुपये के मोबाइल की खूब बिक्री हुई।

दुकानदारों ने आकर्षक ऑफर के साथ ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने का काम किया। धनतेरस पर लोग घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सजाने में व्यस्त दिखे। सुबह से ही भवनों को झालरों से सजाया गया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी साज-सज्जा के सामान लगाए गए। शाम होने के बाद बाजार और शहर के अन्य इलाकों में झालरों की चमक देखने लायक रही। मिट्टी के दीये भी लोगों ने खूब जलाए। झालर व्यवसाई  ने बताया कि भगवा रंग की 50 मी. लंबी अंबर झालर की डिमांड नंबर एक पर रही। ये मार्केट में 45 रूपए में उपलब्ध रही। इसके बाद 10 की झरने वाली झालर लोगो की दूसरी पसंद रही जिसकी कीमत 650 रुपए रही।

धनतेरस को देखते हुए शहरी क्षेत्र में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने पैदल गस्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कोई टिप्पणी नहीं