ब्रेकिंग न्यूज

हिस्ट्रीशीटर की छेड़खानी से परेशान किशोरी ने दी जान,पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख दंग हुए लोग


लखनऊ गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिपराइच इलाके के एक गांव में हिस्ट्रीशीटर की छेड़खानी से परेशान 13 वर्षीय किशोरी ने रविवार सुबह फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटककर जान देने की पुष्टि हुई है। PM रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि किशोरी गर्भवती थी।उधर किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर अच्छेलाल के खिलाफ नाबालिग को खुदकुशी के लिए उकसाने, छेड़खानी और धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज किया है। किशोरी की मां के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर करीब एक महीने से परेशान कर रहा था। स्कूल आते-जाते छींटाकशी करता था। उसकी हरकतों से बेटी परेशान थी। उसे सब ठीक होने का भरोसा दिलाया और समझाया भी था लेकिन वह छेड़खानी से त्रस्त और आहत थी।परिवार के सदस्य रविवार को घर से बाहर गए थे। बेटी घर में अकेली थी। इसी बीच फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घर लौटने पर मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के आने पर शव पंखे से उतारा गया।SP ने बताया कि किशोरी की फंदे से लटकती लाश मिली है। मां की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। मौत से पहले पुलिस को छेड़खानी की जानकारी नहीं दी गई थी। मामला अब संज्ञान में आया है। प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।नाम भले ही उसका अच्छेलाल है, लेकिन करतूतें काली हैं। उस पर दुष्कर्म के अलावा लूट, जालसाजी, चोरी जैसे 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की फाइलों में वह हिस्ट्रीशीटर है और दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया है। अब उस पर किशोरी को खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नियमानुसार उसकी निगरानी की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक कम उम्र की लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने में 36 साल के अच्छेलाल को महारत हासिल है। एक नाबालिग को चार साल पहले शिकार बनाया था। हालांकि, इस मामले में किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। यह वाक्या तब हुआ था जब वह खोराबार इलाके में हुई लूट के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।इसके बाद वह जेल में था और करीब एक साल पहले जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद ही वह किशोरी के संपर्क में आया था, जिसकी जानकारी घरवालों को नहीं थी। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई थी और अच्छेलाल ने उससे दूरी बना ली थी। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

कोई टिप्पणी नहीं