स्कूल, पंचायत भवन समेत तीन चोरी की वारदातों का खुलासा
सुलतानपुर दोस्तपुर थाना पुलिस ने स्कूल, पंचायत भवन और अन्य स्थानों पर हुई चोरी की तीन घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी और तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कादीपुर के पर्यवेक्षण में दोस्तपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को पीएम श्री कम्पोजिट स्कूल में चोरों ने दो कमरों का ताला तोड़कर ड्रोन कैमरा, सोलर कार, विज्ञान प्रयोगशाला के उपकरण, विद्युत बोर्ड, वायर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। वहीं 20 जून को ग्राम धनऊपुर स्थित पंचायत भवन का ताला तोड़कर बैटरी, इनवर्टर, स्टेबलाइजर, कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, पंखे तथा अन्य सरकारी सामान चोरी कर लिया गया था। इसके अलावा थाना कादीपुर क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया।जांच के दौरान पुलिस ने सुभाष निषाद (18 ) निवासी ग्राम सिजिलपुर, थाना दोस्तपुर तथा तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का मुकदमाती सामान बरामद किया गया।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि तीनों बाल अपचारियों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं