ब्रेकिंग न्यूज

प्रेमी को पिटता देख प्रेमिका ने खाया जहर


लखनऊ  बिजनौर में एक लड़की ने अपने प्रेमी को पिटता देख जहर खा लिया। जबकि प्रेमी को प्रेमिका के घरवालों ने पिटाई के बाद जहर खिला दिया। इससे उसकी मौत हो गई। दरअसल युवक अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर गया था। लेकिन लड़की के घर वालों ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। लड़की उसे छोड़ देने की मिन्नतें करती रही। लेकिन घरवालों ने उसे नहीं छोड़ा।इसके बाद प्रेमिका ने घर के भीतर जाकर सल्फाश की गोली खा लिया। वहीं, लड़के के परिजनों का आरोप है कि लड़की के घर वालों ने उनके बेटे को जहर दिया है। यह मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव का है।जलीलपुर गांव निवासी अशोक का पड़ोस में रहने वाली लड़की से कई सालों से अफेयर था। अशोक की मां ने बताया कि लड़की ने शनिवार देर रात उनके बेटे को घर बुलाया था। पास में ही घर था तो वो चला गया। सुबह परिवार के लोगों ने अशोक को लड़की के साथ देख लिया। उसके बाद अशोक को पीटना शुरू कर दिया।लड़की ने अपने घरवालों से अशोक को छोड़ने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि इसे मत मारो, वरना मैं जहर खा लूंगी। फिर भी घरवालों ने प्रेमी को पीटना बंद नहीं किया। इस पर लड़की ने घर में रखा जहर खा लिया। आरोप है कि प्रेमिका के घरवालों ने लड़के को भी जहर खिला दिया।बताया जा रहा है कि अशोक भागते-भागते घर आया और किसी तरह उसने पूरी बात बताई। अशोक के परिजन उसे लेकर अस्पताल की तरफ भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।अस्पताल में भर्ती प्रेमिका की मां ने लड़के पर रेप का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक प्रेमी की मां का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। लड़की के घरवालों ने मेरे बेटे को जहर देकर उसे मार दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक लड़के की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं