ब्रेकिंग न्यूज

पति ने पत्नी की नाक काटी, सिपाही के पद पर है तैनात

 


लखनऊ सीतापुर के नरोत्तम नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात शराब के नशे में पति का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी से मारपीट और गाली-गलौज की। वह इतने पर ही नहीं रुका। उसने पत्नी की नाक को मुंह से काट लिया। बताया जा रहा है कि महिला का पति सिपाही है और वर्तमान में उसकी रायबरेली में ट्रेनिंग चल रही है।घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। साथ ही घायल पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया गया। पीड़ित महिला कोमल ने जानकारी देते हुए बताया, उसकी शादी सिधौली थाना क्षेत्र के नरोत्तम नगर मोहल्ले निवासी वीरेंद्र कुमार के साथ हुई है। कल रात करीब 9:00 बजे की बात है। वह घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान पति वीरेंद्र आ गया। वह शराब के नशे में था। घर पर वह किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।पत्नी कोमल ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह और भड़क गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। देखते ही देखते उसने कोमल की नाक काट ली। परिवारीजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया। साथ ही कोमल को इलाज के लिए सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां पर कोमल का प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।पुलिस ने कोमल के पति वीरेंद्र का भी मेडिकल कराया है। परिवारीजनों ने बताया, वीरेंद्र के पिता मुन्नालाल का हाल ही में निधन हो गया था। मुन्नालाल पुलिस विभाग में कार्यरत थे। उन्हीं के स्थान पर वीरेंद्र को पुलिस विभाग में मृतक आश्रित पर सिपाही के पद पर नौकरी मिली है। वर्तमान में रायबरेली में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। 

कोई टिप्पणी नहीं