ब्रेकिंग न्यूज

राजस्व टीम पर हमले के दो वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार


सुल्तानपुर कोतवाली नगर क्षेत्र के इमिलिया कला गांव में अवैध मिट्टी खनन के दौरान राजस्व टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को थाना अखण्डनगर और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मामले में वांछित दो अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, चार कारतूस  तथा बिना नंबर प्लेट की काली थार बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ विनय प्रताप सिंह (28) पुत्र सतीश सिंह निवासी इमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर तथा आदित्य सिंह उर्फ प्रशान्त सिंह (21) पुत्र पंकज सिंह निवासी नकाहा महमूदपुर, थाना गोसाईगंज के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्व टीम पर हमले के मामले में वांछित दोनों अभियुक्त बिना नंबर प्लेट लगी काली थार से दोस्तपुर की ओर से आजमगढ़ की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुंडाभैरोपुर सर्विस लेन अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर दी।पुलिस के अनुसार, सामने से आ रही काली थार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन को आगे ले जाकर सड़क से नीचे उतार दिया। इसके बाद दोनों आरोपी झाड़ियों में छिप गए और पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदीप सिंह के बाएं पैर और आदित्य सिंह उर्फ प्रशान्त सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।घायल आरोपियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में थाना अखण्डनगर में मुकदमा  दर्ज किया गया है।गौरतलब है कि बीते दो नवंबर की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के चौकी गोड़वा अंतर्गत ग्राम इमिलिया कला में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम द्वारा खनन कार्य रोकने और खनन में प्रयुक्त वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की बात कहे जाने पर अवैध खनन में संलिप्त लोगों ने राजस्व कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। इस दौरान टीम पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना के बाद कोतवाली नगर में गंभीर धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि दो नवंबर की रात ग्राम इमिलिया कला में गोलू सिंह और वे अपने अन्य साथियों के साथ अवैध मिट्टी खनन कर रहे थे। इसी दौरान राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और खनन बंद कराने के साथ वाहनों को सीज करने की बात कहने लगी। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राजस्व टीम पर हमला कर दिया।पुलिस ने गिरफ्तार संदीप सिंह के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। वहीं आदित्य सिंह उर्फ प्रशान्त सिंह के पास से .12 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस मिला। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की काली थार भी बरामद की गई है।पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, संदीप सिंह उर्फ विनय प्रताप सिंह के खिलाफ कोतवाली नगर में हत्या, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और खनन अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके विरुद्ध कुल आठ मुकदमों का उल्लेख है।वहीं दूसरे आरोपी आदित्य सिंह उर्फ प्रशान्त सिंह के विरुद्ध कोतवाली नगर में राजस्व टीम पर हमले और अवैध खनन से संबंधित मुकदमों के साथ अखण्डनगर थाने में मुठभेड़ व आयुध अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में अवैध खनन के मामले में कुल छह वाहनों को सीज किए जाने की भी जानकारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं