ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन: 539 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ


सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद  के फरीदीपुर स्थित केएनआईटी परिसर में आयोजित दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह का मंगलवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। सामाजिक समरसता, सर्वधर्म समभाव और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 539 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह एवं सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।समारोह में 532 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जबकि 7 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुरूप कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न होने से सामाजिक सौहार्द, धार्मिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला।समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। सरकार की इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह कराने में बड़ी राहत मिल रही है।अपने संबोधन में विधायक विनोद सिंह और विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नवविवाहित दंपति को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ कर सकें। उन्होंने पात्र परिवारों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।कार्यक्रम के दौरान विधायकगण, मुख्य विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख धनपतगंज त्रिनेत्र पाण्डेय ने नवविवाहित दंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह के समापन पर सभी 539 नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर नवदंपतियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, विभिन्न खंड विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन जिला प्रशासन द्वारा किया गया।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के इस सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि सरकार की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहयोग का मजबूत माध्यम बन रही है।

कोई टिप्पणी नहीं